मैनपुरी/घिरोर। थाना क्षेत्र के गांव नगला बौना में विवाहेतर संबंधों का विरोध करने पर पत्नी ने प्रेमी की मदद से पति की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए शव को सड़क किनारे फेंक दिया। भाई ने मृतक की पत्नी तथा प्रेमी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है, जबकि प्रेमी की तलाश जारी है।
बुधवार की सुबह करीब चार बजे सीओ सिटी आरके पांडेय घिरोर से मैनपुरी जा रहे थे। बजरंग फिलिंग स्टेशन के पास सड़क किनारे उन्होंने युवक का शव पड़ा देखा। थाना प्रभारी घिरोर को उन्होंने मौके पर बुलाया। ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड के आधार पर शव की पहचान नगला बौना निवासी सीताराम के रूप में हुई। पहले पुलिस पूरे मामले को हादसा ही मानती रही, लेकिन जब जांच हुई तो सारी सच्चाई सामने आ गई। सीताराम के भाई मुन्नालाल ने थाने में मृतक की पत्नी और प्रेमी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी तहरीर में मुन्नालाल ने कहा है कि सीताराम की पत्नी रजनी के गांव के ही शिशुपाल से संबंध हैं। शिशुपाल को लेकर आए दिन पति-पत्नी में झगड़ा होता था। मंगलवार को शाम करीब चार बजे रजनी का अपने पति सीताराम से शिशुपाल के सामने झगड़ा हुआ। रात को रजनी और शिशुपाल ने मिलकर सीताराम की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करके शव को सड़क के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने रजनी को हिरासत में लिया है। शिशुपाल की तलाश में पुलिस ने छापे मारे हैं।