मैनपुरी। शनिवार को बेखौफ लुटेरों ने बाइक पर जा रही महिला से झपट्टा मारकर कुंडल लूट लिए। इस दौरान महिला का कान भी लहूलुहान हो गया। वह शिकायत लेकर थाने पहुंची। तो वहां मौजूद दरोगा ने उसे डांटकर भगा दिया। पीड़िता एटा की रहने वाली है, जो भैया दूज पर पति के साथ मायके आई थी।
शनिवार को एटा निवासी सुमन देवी पति नरेंद्र के साथ मैनपुरी में रहने वाले भाई के घर आईं थीं। अपराह्न करीब एक बजे भाई का टीका करने के बाद वह पति के साथ बाइक से वापस एटा जा रहीं थीं। थाना कोतवाली के सामने एक बाइक पर सवार होकर आए दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर सुमन के कान के कुंडल लूट लिया।
कुंडल खींचे जाने के चलते सुमन के कान से खून भी बहने लगा। पति ने थाने के बाहर ही गाड़ी रोक दी। लहूलुहान महिला ने जब थाने में लूट की बात कही। तो वहां कुर्सी पर जमे बैठे दरोगा ने दंपति को डांटकर वहां से निकल जाने को कह दिया। सहमे दंपति थाने से बाहर चले गए।
कुछ देर रुकने के बाद पीड़िता पति के साथ वहां से चली गई। वहीं थाना पुलिस ने पूछे जाने पर उन्होंने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी से ही इंकार किया है। बता दें कि अभी कुछ दिन पूर्व बीटीसी की छात्रा की चेन लूट के मामले में भी कोतवाली के दारोगा ने चेन पहनकर क्यों घर से निकलने की हास्यास्पद बात कही थी।