अमर उजाला ब्यूरो
इटावा।
इकदिल थाना क्षेत्र के बिरारी गांव में बीती रविवार रात को घर के बाहर सो रहे दंपति की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पुत्रवधू शिल्पी उर्फ रिम्पी सास-ससुर पर जमीन का बैनामा अपने नाम कराने का दबाव डाल रही थी। उन्होंने मना कर दिया तो प्रेमी को हत्या के लिए उकसाया। इस पर प्रेमी ने अपने साथियों के साथ घर के बाहर सो रहे दंपति की हत्या कर दी। पुलिस ने पुत्रवधू व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सरिया को भी बरामद कर लिया। हत्या में शामिल अन्य आरोपी की तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में पत्रकारों के सामने हत्यारोपी मृतक की पुत्रवधू औरैया निवासी शिल्पी उर्फ रिंम्पी व उसके प्रेमी धर्मेंद्र कुमार निवासी कुदर कोट को पेश करते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण बताया कि बिरारी निवासी बैजनाथ व उनकी पत्नी बिटोली देवी की रविवार रात को घर के बाहर सोते समय हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई राम रतन ने शिल्पी, धमेंद्र व सच्चू श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओ इकदिल को कडे़ निर्देश दिए थे। वह अपनी टीम के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि इस समय शिल्पी व उसका प्रेमी धर्मेंद्र इकदिल रेलवे स्टेशन से निगोह को जाने वाले रास्ते पर हैं। इसी पर पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकर कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार सरिया बरामद कर लिया। पूछताछ में शिल्पी ने बताया कि उसकी पति से पटती नहीं थी। उसका धर्मेंद्र से शादी के पहले से प्रेम था। जब धर्मेंद्र गांव आता था तो सास-ससुर इसका विरोध करते थे। इसी कारण से वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। उसकी निगाह ससुर की जमीन पर थी। ससुर पर जमीन का बैनामा कराने का दबाव बनाया लेकिन उन्होंने बैनामा क रने से मना कर दिया। दबाव बनाने के लिए उसने ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई लेकिन उसके बाद भी वह जमीन देने के लिए राजी नहीं हुए। इसके बाद उसने उनकी हत्या का प्लान बनाया। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि इस हत्या में नामजदों के अलावा एक अन्य का नाम भी प्रकाश में आया है। पुलिस उनके बारे में जानकारी कर रही है। प्रेस वार्ता में एएसपी जितेंद्र श्रीवास्तव व सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
- जमीन नाम न करने पर बहू ने कराई थी वृद्ध दंपति की हत्या
- बिरारी में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा
- पुलिस ने पुत्रवधू व उसके प्रेमी का किया गिरफ्तार
- हत्या में प्रयुक्त धारदार सरिया भी बरामद
फोटो नं 09 पकड़े गएआरेापियों के साथ पुलिस बल व जानकारीदेते एसएसपी वैभव कृष्ण