टूंडला (फिरोजाबाद)। विधानसभा टूंडला में होने वाले उपचुनाव के लिए रविवार को प्रचार प्रसार थम जाएगा। ऐसे में प्रत्याशी वोटरों को लुभाने के लिए कैश, गिफ्ट आदि का प्रयोग कर सकते हैं। सभी प्रत्याशी बाहरी होने पर कैश को विविध रास्तो से टूंडला लाया जा सकता है। इसको देखते हुए प्रशासन पैनी नजर बनाए हुए है।
टूंडला विधानसभा उपचुनाव तीन नवंबर को है। रविवार को प्रचार थम जाएगा। ऐसे में प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के विविध हथकंडे अपनाए जाएंगे। इसके लिए बाहर से कैश आ सकता है। इस संभावना पर पुलिस सतर्क है। सर्किल के दो थाना क्षेत्रों में करीब 59.83 लाख रुपये पकड़े जा चुके हैं। पचोखरा थाना क्षेत्र में टूंडला-पचोखरा सीमा निहाल सिंह की पुलिया पर चेकिंग के दौरान 50 लाख रुपये इनोवा गाड़ी से बरामद हुआ था जो कासगंज के सहावर निवासी घी व्यापारी राम कैलाश गुप्ता बरामद हुआ था। शनिवार को एटा के ही हार्डवेयर व्यापारी उत्कर्ष की कार से 9.83 लाख रुपये बरामद हुआ है। पुलिस उक्त धनराशि को चुनाव के लिए तो नहीं लाया जा रहा था, को लेकर पकड़े गये कैश की जांच कर रही है।
प्रशासन ने दो दिन में बड़े कैश मिलने के बाद सक्रियता और बढ़ा दी है। आगरा-टूंडला सीमा, आगरा-थाना नगला सिंघी सीमा, एटा सीमा व सभी थाना, पुलिस चौकी पर वाहनों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। प्रत्याशियों पर भी कड़ी नजर है कि वे वोटरों को लुभाने के लिए कैश या गिफ्ट तो नहीं वितरित कर रहे। इधर पकड़ गए कैश की जांच आयकर विभाग कर रहा है। आयकर विभाग भी ऐसे व्यापारियों की आय का लेखा-जोखा खंगाल रही है।