कासगंज। एटा मार्ग पर तवालपुर के निकट मंगलवार देर रात कैंटर ने राहगीर किसान को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। आधा घंटे बाद जाम खुलवाया। तवालपुर निवासी किसान रवेंद्र (40) पुत्र भम्मराज रात करीब 10 बजे ग्राम नदरई से पैदल घर लौट रहा था। कासगंज एटा मार्ग पर तवालपुर मोड़ के निकट कैंटर ने उसे टक्कर मार दी।
उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक भाग गया। राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन व ग्रामीण शव देखकर आक्रोशित हो गए और जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर उन्हें शांत कराया। आधा घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक रवेंद्र के दो बेटे व एक बेटी है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उसकी पत्नी तारावती का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे में घायल की मौत
कासगंज। कासगंज-अतरौली मार्ग पर मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में घायल युवक ने अलीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अमन (35) पुत्र सियाराम निवासी नगला गोदी मंगलवार शाम बाइक से कासगंज से गांव जा रहा था। ढोलना में सिरोली गेट के पास उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को अलीगढ़ रेफर किया था। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। संवाद