जलेसर पुलिस द्वारा पकड़ी गई चोरी कर भाग रही युवतियां।
- फोटो : ETAH
एटा। जलेसर में सोमवार की दोपहर टेलर की दुकान पर कपड़े लेने आए युवक के थैले को काटकर उसमें रखे पचास हजार रुपये लेकर दो महिलाएं भागने लगीं। पीड़ित के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया। इन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने महिलाओं से रकम बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया है।
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव रेजुआ निवासी लाखन सिंह पुत्र रामचंद्र सोमवार की दोपहर कस्बा स्थित शशिपाल टेलर की दुकान पर सिलाई को दिए गए कपड़े लेने आया था। यहां पहले से मौजूद सोनम पत्नी रोहित व रंजना पुत्री वीरू निवासी कड़िया राजगढ़, मध्य प्रदेश ने ब्लेड से उसके थैले को काटा और उसमें रखी रकम लेकर भागने लगीं। इनकी भनक लाखन को लगी तो उसने शोर मचा दिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों महिलाओं को कुछ दूरी पर जाकर पकड़ लिया गया।
लाखन सिंह ने बताया है कि उसने कस्बा स्थित एसबीआई बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे। घर लौटते समय टेलर की दुकान से कपड़े उठाने पहुंचा। यहां दुकान पर पहले से दो महिलाएं खड़ी थीं। महिलाओं ने रुपये वाले थैले में ब्लड मारकर रुपये निकाल लिए और भागने लगी, शोर मचाने पर दोनों को पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया है कि रुपये निकालकर भाग रहीं महिलाओं को पुलिस ने लोगों की मदद से पकड़ लिया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।