कुरावली (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर में बहन के घर आए युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उसका शव गांव के पास खेत में पड़ा मिला। मृतक के पिता ने दामाद और उसके साथियों पर हत्या का शक जाहिर करते हुए तहरीर दी है। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अघार निवासी अमीर सिंह का 19 वर्षीय पुत्र रिषभ शनिवार सुबह करीब 11 बजे बहन के घर कमलपुर कुरावली जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब 11:30 बजे प्रवेश पुत्र अमीर सिंह के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि रिषभ की हत्या कर दी है। इसे यहां से ले जाओ। इस पर परिजनों ने रिषभ की तलाश शुरू की।
रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे रिषभ का शव गांव कमलपुर के पास खेत में पड़ा मिला। इस दौरान गले में अगौंछा का फंदा कसा मिला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले में अमीर सिंह ने दामाद मनीष और साथियों पर हत्या किए जाने का शक जताते हुए तहरीर दी। पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले मनीष ने पुत्रों को जान से मारने की धमकी दी थी। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए नमूने एकत्रित किए। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी बहनोई सहित अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है।