किशनी (मैनपुरी)। गांव बरुआ नद्दी में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले साइको किलर को पुलिस तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। उससे पूछताछ में पुलिस को कई सवालों के जवाब मिल सकेंगे। रिमांड के लिए पुलिस ने न्यायालय में अर्जी दाखिल की है।
जनपद इटावा के भरथना क्षेत्र कृष्णानगर निवासी विधवा पूती देवी की हत्या करने के बाद शरीर के 14 टुकड़े कर जमीन में गाड़ने वाला साइको किलर इस समय सलाखों के पीछे हैं। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस को कई और हत्याओं की जानकारी दी। कन्नौज और किशनी क्षेत्र में उस पर करीब 11 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें तीन हत्या के मामले शामिल हैं, लेकिन अभी भी पुलिस के सामने कई सवाल हैं। इनके जवाब मिलना बाकी है। पुलिस जल्द ही साइको किलर सर्वेश यादव को रिमांड पर लेगी। तीन दिन की रिमांड के लिए कोर्ट में अर्जी भी दी जा चुकी है।
पुलिस को इन सवालों के जवाब चाहिए
सवाल नंबर एक
खोदाई के दौरान पुलिस को जो हड्डियां मिलीं हैं, क्या वाकई में वह पूती देवी की हैं। या किसी और महिला के अवशेष हैं।
सवाल नंबर दो
पूती देवी की हत्या में गड़ासा का प्रयोग किए जाने की बात आरोपी द्वारा कही गई है। रिमांड के दौरान पुलिस आला ए कत्ल को बरामद करने का प्रयास भी करेगी।
सवाल नंबर तीन
साइको किलर द्वारा पुलिस को बताए गए अपने आपराधिक कृत्य किस हद तक सही हैं। कहीं वह पुलिस को गुुमराह तो नहीं कर रहा।
सवाल नंबर चार
पुलिस के सामने एक अहम सवाल भी है। सर्वेश खुद को विकास भवन इटावा में बाबू बताता था। क्या उसका विभाग के किसी व्यक्ति से कोई कनेक्शन है।