किशनी। थाना क्षेत्र के गांव कुड़रा में रविवार शाम घर से गई महिला का शव सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में पेड़ पर लटका मिला। जानकारी होने के बाद वहां लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मौके पर पहुंचे सीओ ने निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के कुड़रा सींगपुर निवासी 42 वर्षीय गुड्डी देवी जाटव रविवार शाम करीब छह बजे घर से बाहर गईं थीं। कुछ देर बाद पति राजेश काम से लौटा तो बच्चों ने बताया कि मां कहीं गई है। काफी देर तक गुड्डी के घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई। रात में भी उसका कुछ पता नहीं चला।
सोमवार सुबह गांव दिवनपुर साहिनी निवासी सुभाष के खेत में लगे आम के पेड़ पर गुड्डी का शव लटकता दिखा। जानकारी मिलने के बाद राजेश व गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ अमर बहादुर भी पुलिस बल के साथ जांच करने पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। मृतक जहां मौत को संदिग्ध बताते हुए परिवार के ही लोगों पर शक जाहिर कर रहे थे। हालांकि पुलिस मामले को खुदकुशी मान रही है।
प्रथम दृष्ट्यता मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम कराया गया है। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजीत सिंह, प्रभारी निरीक्षक