बेवर। रंगदारी देने से मना करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। फायरिंग करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर गनु निवासी कुंवरपाल बुधवार की सुबह बाइक से गेहूं पिसाने के लिए चक्की पर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में सामंत सिंह के बाग के पास गांव चंदनपुर निवासी कुलदीप और राहुल ने बाइक को रुकवा लिया। उसके साथ गाली गलौज करते हुए 20 हजार रुपये मांगने लगे। तमंचा तानकर उसे धमकाने लगे।
कुंवर पाल रुपये मंगाने के लिए फोन कर रहा था। तभी कुलदीप ने उस पर फायर झोंक दिया, लेकिन गोली पास से होकर निकल गई। मौका पाकर कुंवर पाल चीखता हुआ वहां से भागने लगा। उधर शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर आ गए। जिन्हें देख कर आरोपी वहां से भाग निकले।
थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करने के कुछ देर बाद ही सुल्तानपुर मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि दोनों आरोपी सगे भाई हैं। उन पर थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेजा गया है।