औंछा। थाना क्षेत्र में मुख्य चौराहे पर बृहस्पतिवार की शाम प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, एसएसआई राजकुमार गोस्वामी, एसआई साहब सिंह पुलिस बल के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। वहीं बिना मास्क लगाए लोगों का चालान किया जा रहा था। तभी शहर की ओर से एक अपाचे सवार आता दिखाई दिया। वह न तो मास्क लगाए था। न ही उसने हेलमेट लगाया हुआ था।
पुलिसकर्मियों ने रोका तो वह नहीं रुका। इस बीच एक सिपाही ने उसको रोकने के लिए डंडा चला दिया। इसी बात से नाराज युवक पुलिसकर्मियों से गाली गलौज करने लगा। जब तक पुलिसकर्मी उसे पकड़ने के लिए पहुंचते। वह बाइक लेकर वहां से भाग निकला। तुरंत ही पुलिस की टीमें उसको पकड़ने के लिए पीछे दौड़ गईं। करीब पांच किलोमीटर पीछा करने के बाद भी बाइक सवार पुलिस के हाथ नहीं आ सका। मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।