मैनपुरी। मोहल्ला मिश्राना निवासी एक व्यापारी से 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। जब उसने मना किया तो बुधवार शाम को आरोपी ने घर आकर हाथापाई कर दी। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राना निवासी सुरेश चंद्र गुप्ता की बाजार में दुकान है। एक अराजकतत्व अखिल यादव उर्फ शैलू गुंडागर्दी दिखाते हुए व्यापारी से रंगदारी की मांग की गई। धमकी से दहशत में आए व्यापारी ने पिछले माह पांच हजार रुपये शैलू को दे दिए लेकिन इसके बाद फिर से 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग शुरू हो गई। लॉकडाउन की बात कहते हुए सुरेश गुप्ता ने जब रुपये देने में असमर्थता जताई तो शैलू ने धमकी दी। बुधवार को व्यापारी जब घर के बाहर खड़े थे, तभी आरोपी वहां आया और हाथापाई कर दी। धमकी दी कि अगर शाम तक रुपये नहीं दिए तो जान से मार देगा। धमकी के बाद डरे व्यवसायी ने कोतवाली में तहरीर दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।