बेवर। गांव घुटारा के रहने वाले एक बिजली मिस्त्री का शव शनिवार की सुबह गांव स्थित एक पेड़ पर लटका मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। वहीं मौत का सही कारण जानने के लिए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के गांव घुटारा मासूमपुर निवासी 35 वर्षीय दिनेश उर्फ गुड्डू बिजली की फिटिंग आदि का काम करता था। शुक्रवार की शाम जब वह घर नहीं आया तो परिजनों को लगा कि शायद वह किसी के यहां रुक गया होगा। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने दिनेश का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ पर लटका देखा तो परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर सीओ भोगांव प्रयांक जैन भी पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने आरोप लगाया कि किसी ने दिनेश की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया है। मृतक के भाई रामरूप ने तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है। उधर पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है, इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच करने पहुंची फोरेंसिक की टीम
बिजली मिस्त्री का शव मिलने के बाद फोरेंसिक की टीम भी जांच करने पहुंची। टीम की ओर से घटनास्थल से नमूने लिए गए। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी सुराग की तलाश की। जांच नमूनों को एकत्र कर जांच के लिए भेजा गया है।
परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया है। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जसवीर सिंह सिरोही, प्रभारी निरीक्षक