कुसमरा (मैनपुरी)। थाना किशनी के कुसमरा चौकी क्षेत्र में रविवार की शाम मुंबई पुलिस ने दबिश दी। पुलिस वहां से धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी के पिता को उठा ले गए। पुलिस मुख्य आरोपी की भी तलाश करती रही, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका।
पुलिस के अनुसार थाना किशनी क्षेत्र के कुसमरा निवासी सत्यवीर का पुत्र नीरज करीब चार माह पूर्व नेवी में नौकरी लगने की बात कहकर मुंबई चला गया था। वहां वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करने लगा। इस बीच एक दिन मालिक कहीं बाहर गए और दो चेक पर हस्ताक्षर कर उसे सौंप गए। कहा था कि जरूरत पड़ने पर इन चेक का प्रयोग करना। शातिर नीरज ने दोनों चेक पर 95-95 हजार रुपये भरकर पिता सत्यवीर व भाई जय नरायण के खातों में भेज दिया। पिता व भाई ने उक्त रुपये खातों से निकाल भी लिए। उधर मालिक ने वापस आकर नीरज के विरुद्ध धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार की शाम नवी मुंबई के थाना खारगढ़ में तैनात एसआई शत्रुघ्न पारिख, एसआई विजय चौधरी के साथ कुसमरा पहुंचे। नीरज के घर दबिश देकर सत्यवीर को हिरासत में ले लिया। काफी तलाश के बाद भी नीरज का कोई पता नहीं लग सका। पिता के अनुसार उन्हें पता था कि बेटा ने नेवी में है और उसने तनख्वाह के रुपये भेजे हैं, लेकिन उन्हें धोखाधड़ी के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। मुंबई पुलिस सत्यवीर को साथ ले गई।