कासगंज के गंजडुंडवारा के गांव नगला उमेद में हत्या का शिकार रामवीर का फाइल
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा (कासगंज)। क्षेत्र के गांव नगला उमेद में बृहस्पतिवार को एक युवक की हत्या कर उसका शव गांव में ही एक मकान के पीछे फेंक दिया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पिता ने गांव के ही दो नामजदों एवं कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
हत्या का शिकार रामवीर (25) पुत्र नौबत नगला उमेद सिंह हुआ। वह घेर में सोया हुआ था। उसका शव शुक्रवार की सुबह गांव में ही एक मकान के पीछे मिला। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिजन एकत्रित हो गए। उसका शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। उसकी हत्या की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता नौबत सिंह ने बताया कि उसकी हत्या कर शव को फेंका गया है।
उसके सिर और गले पर चोट के निशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र रामवीर की हत्या गांव के ही नरेंद्र सिंह एवं संतोष कुमार ने कई अन्य लोगों के साथ मिलकर की है। मामले की तहरीर उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।