पटियाली। ऑनलाइन फ्रांड कर एक युवती के बैंक खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिए। पहले तो आरोपी ने फोन पर युवती से रिश्तेदारी निकाली फिर उसके खाते में पैसे डालने के लिए खाता नंबर मांगा। इसके बाद ओटीपी नंबर मांगकर उसके खाते से रुपये निकाल लिए गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
क्षेत्र के ग्राम नगरिया निवासी माला पुत्री अशोक का बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा दरियावगंज में खाता है। 27 दिसंबर को माला के मोबाइल फोन पर एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने स्वयं को रिश्तेदार बताते हुए बातचीत की। कई रिश्तेदारों का परिचय भी दिया, जिसके बाद फोन कॉलर ने उससे बैंक खाता नंबर मांगा। उसने कहा कि तुम्हारे खाते में पैसे डालने हैं। माला ने अपना खाता नंबर बताया जिसके बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आपके फोन पर एक ओटीपी नंबर आया होगा वह मुझे दे दीजिए। माला ने ओटीपी नंबर उसको बता दिया। उसके तत्काल बाद माला के खाते से 38000 रुपये निकल जाने का मेसेज मोबाइल पर आया। बैंक जाकर जानकारी की तो पता लगा कि उसके खाते से 38000 रुपये निकल चुके हैं। जिसके बाद मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।