कासगंज रेलवे चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किए गए टिकटयात्री मौजीराम
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। रेल पुलिस ने मंगलवार को मानवीयता की हदें पार कर दीं। गलत ट्रेन में बैठने पर रेलवे पुलिस ने वृद्घ को गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ सिपाही के सामने वृद्घ गिड़गिड़ाता रहा पर सिपाही ने एक न सुनी। इस चक्कर में वृद्घ की ट्रेन भी छूट गई। हालांकि बाद में आरपीएफ प्रभारी के पहुंचने पर जुर्माना लगाकर वृद्ध को छोड़ दिया गया।
गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव धुबियाई निवासी लगभग 65 वर्षीय वृद्ध मौजीराम मंगलवार को कासगंज आए। वह दवा लेकर और अन्य काम निपटाकर दोपहर 12 बजे गंजडुंडवारा की ओर जाने वाली ट्रेन कानपुर एक्सप्रेस से वापस जाने के लिए स्टेशन पहुंचे। यहां वह टिकट लेकर स्टेशन परिसर पर जब पहुंच गए तो गलती से मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेन में बैठ गए। वह समझ रहे थे कि यह ट्रेन गंजडुंडवारा की ओर जाएगी। आरोप है कि ट्रेन स्टेशन पर ही थी। इसी बीच आरपीएफ सिपाही शिव कुमार वहां पहुंच गए। वृद्ध ने एक और भूल कर दी कि सिपाही से ही ट्रेन के बारे में पूछ लिया। इस पर सिपाही ने वृद्ध से टिकट मांगा। वृद्ध ने टिकट दिखाया।
टिकट गंजडुंडवारा स्टेशन का था। सिपाही ने वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया और रेलवे पुलिस के थाने ले गया। रेल पुलिस का दावा है कि ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़ी थी कि वृद्ध ने चैन पुलिंग करा दी। बाद में जब मामला आरपीएफ प्रभारी सुजीत झा तक पहुंचा तो उन्होंने मानवीयता दिखाते हुए वृद्ध के खिलाफ मुकदमा नहीं कराया और जुर्माने लगाकर वृद्ध को छोड़ दिया। इसके बाद इसी ट्रैक पर दोपहर 2:50 बजे जाने वाली ट्रेन भी रवाना हो गई। वृद्ध शाम 5:30 बजे वाली ट्रेन से गंजडुंडवारा गया।
प्लेटफार्म बदलने पर नहीं होता अनाउसमेंट
रेलवे स्टेशन पर अधिकतर ट्रेनों के प्रतिदिन प्लेटफार्म बदल जाते हैं। कब किस प्लेटफार्म से किस ट्रैक के लिए ट्रेन जाए इसकी जानकारी कम लोगों को ही हो पाती है। जब प्लेटफार्म बदल जाए तो उद्घोषणा नहीं की जाती। मंगलवार को दोपहर 12 बजे गंजडुंडवारा की ओर जाने वाली ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 से रवाना हुई जबकि वृद्ध गलती से मथुरा की ओर जाने वाली प्लेटफार्म पर 5 पर खड़ी ट्रेन पर बैठ गया। क्योंकि कभी भी गंजडुंडवारा जाने वाली ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 5 से चली जाती है।