कासगंज में बरामद फर्रुखाबाद से अपहृत बालक कृष्णा
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा/सिढ़पुरा (कासगंज)। पुलिस और स्वाट टीम ने जनपद फर्रुखाबाद से शुक्रवार को अगवा किए गए 6 वर्षीय बालक कृष्णा को सकुशल छुड़ा लिया है। पुलिस ने दो अपहर्ता भी तमंचा-कारतूस व स्कार्पियो सहित गिरफ्तार किए हैं। हाथरस जिले के दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के मोहल्ला राजीवनगर निवासी मोहन वर्मा के 6 वर्षीय पुत्र कृष्णा को शुक्रवार को अगवा कर लिया गया था। इसकी रिपोर्ट मोहम्मदाबाद में दर्ज कराई गई। पुलिस तभी से बालक की तलाश में थी। बालक की लोकेशन कासगंज में मिलने पर फर्रुखाबाद पुलिस ने एसपी कासगंज सुशील घुले को इसकी जानकारी दी। एसपी ने सीओ पटियाली गवेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस व स्वाट टीम को बच्चे की सकुशल बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी।
पुलिस टीम ने शनिवार को स्यौड़ी मोड़ पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक स्कॉर्पियो तेज गति से आती दिखाई दी। उसे रोकने पर उसमें सवार दो लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और कृष्णा को भी स्कॉर्पियो से सकुशल बरामद कर लिया। अपहर्ताओं ने अपने नाम ब्रजमोहन निवासी चमरौली और सर्वेश निवासी रतिभानपुर थाना सिकंद्राराऊ जिला हाथरस बताए हैं। पुलिस ने बच्चा परिजनों को सौंप दिया है।
एएसपी ने बताया कि दोनों ही अपहर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनके पास से पुलिस ने दो तमंचा, 7 कारतूस, 2 खोका बरामद किए। पुलिस ने स्कॉर्पियो में कब्जे में ले ली है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।