कासगंज की हजारा नहर में पीएसी 43 वाहिनी के जवान डूबे युवक को बाहर निकालते
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। हजारा नहर में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक युवक अपने दोस्तों के साथ गाड़ी से झाल का पुल देखने और नहर में नहाने के लिए सिकंदराराऊ से यहां आया था।
नहर में डूबने का शिकार प्रभात पुंढीर (24) पुत्र उपेंद्र सिंह निवासी भूतेश्वर कालोनी सिकंदराराऊ जनपद हाथरस हुआ। युवक प्रभात भूतेश्वर कॉलोनी के रहने वाले दोस्त अरुण कुमार, अरविंद, देवकी नंदन के साथ नदरई झाल का पुल देखने और नहर नहाने के उद्देश्य से आए थे। चारों युवक हजारा नहर में नहा रहे थे। इसी समय प्रभात गहरे पानी की तरफ चला गया और नहर में डूबने लगा। उसके साथी यह देखकर चिल्लाने लगे। प्रभात को बचाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। मामले की जानकारी 43वाहिनी पीएसी एटा की फ्लड यूनिट के नायक सुरेंद्र सिंह को दी। तत्काल ही पीएसी यूनिट ने नहर में डूबे युवक को खोजकर बाहर निकाल लिया। उसे चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर परिजनों को दी गई। परिजन भी मौके पर आ गए। मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।