17एमएनपी-48-रेलवे स्टेशन के सामने गोली लगने के बाद घायल बादल का जिला अस्पताल में उपचार करते डॉक्टर।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। स्टेशन रोड पर शुक्रवार देर शाम बाइक सवारों ने युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से सैफई रेफर किया गया है। गोली छात्रों के बीच चल रही गुटबाजी के चलते मारी गई है। एएसपी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस जांच कर रही है।
शहर के मोहल्ला अध्यापक नगर निवासी संजीव कुमार का 24 वर्षीय पुत्र बादल आईटीआई का छात्र है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह रेलवे स्टेशन के पास एक हथठेल पर अपने साथी के साथ खड़ा होकर चाट खा रहा था। परिजनों के अनुसार इस बीच सफेद रंग की बुलेट पर सवार होकर तीन युवक वहां आए। पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर बादल को गोली मार दी। गोली सिर के पास लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को सैफई रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि वह हमलावरों को जानते हैं। जल्द ही पुलिस को लिखित शिकायत देंगे। हालांकि उन्होंने हमले की वजह स्पष्ट नहीं की। जानकारी मिलने के बाद एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ सिटी अभयनरायन राय भी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार युवक को गोली छात्रों के बीच चल रही गुटबाजी के चलते मारी गई है। मामले की जांच जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----
स्टेशन पर मची अफरा तफरी
सरेशाम स्टेशन पर गोली चलने से अफरा तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके भाग खड़े हुए। सड़क पर मौजूद यात्री भी रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में चले गए। पुलिस के पहुंचने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हमलावरों की शिनाख्त के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने स्टेशन रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
युवक को गोली आपसी गुटबाजी के चलते मारी गई है। शुरुआती जांच में कुछ लोगों के नाम उजागर हुए हैं। तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी।