करहल (मैनपुरी)। थानाक्षेत्र में किशनी मार्ग पर शनिवार की देर शाम किसी वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक जनपद इटावा का रहने वाला था। वह अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए कुर्रा थानाक्षेत्र के गांव घुसूपुर जा रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जनपद इटावा के थाना सैफई क्षेत्र के गांव जुगूपुर निवासी 45 वर्षीय प्रमोद यादव की ससुराल थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव घुसूपुर में है। शनिवार को उसकी साली की बारात आ रही थी। देर शाम वह बाइक से शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। थानाक्षेत्र में किशनी मार्ग पर चमनपुरा के पास किसी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।