फिरोजाबाद के थाना जसराना के गांव नगला पर्दमन में एक अधेड़ के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। विवाद की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जमीन की पैमाइश कराने के बाद अधेड़ का अंतिम संस्कार कराया गया। एसडीएम ने दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ये है मामला
थाना जसराना के गांव नगला पर्दमन में राम खिलाड़ी (58) की मौत होने पर परिजन अभिलेखों में दर्ज श्मशान की भूमि पर अंतिम संस्कार करने पहुंचे तो वहां पहले से काबिज लोगों ने विरोध कर दिया। इस दौरान गांव में विवाद होने लगा। अंतिम संस्कार को लेकर हो रहे विवाद की सूचना पर एसडीएम पारसनाथ मौर्या, सीओ अनिवेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार नितिन चौधरी, कोतवाल आजाद पाल सिंह राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ दोनों पक्षों से विवाद के बारे में जानकारी ली।
ये भी पढ़ें - Agra: भाजपा विधायक के पेट्रोल पंप पर फायरिंग से फैली दहशत, पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया
ग्रामीणों ने जहां श्मशान की भूमि होने बात कही वहीं कब्जेदारों ने अपनी जमीन बताई। एसडीएम ने लेखपाल एवं कानूनगो की मदद से श्मशान की जमीन की पैमाइश करा उसका सीमांकन कराया। जमीन की पैमाइश के बाद अंतिम संस्कार कराया गया। कब्जेदारों से जमीन से कब्जा हटाने को कहा। कब्जा न हटाने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।
ये बोले अधिकारी
एसडीएम जसराना पारसनाथ मौर्या ने बताया कि श्मशान की जगह पर अंतिम संस्कार न होने देने का मामला संज्ञान में आने पर पुलिस एवं राजस्व टीम के साथ मौके पर जमीन की पैमाइश कराई गई है। श्मशान की भूमि की पैमाइश करा सीमाओं का चिन्हाकंन कराया है। पैमाईश के बाद अंतिम संस्कार करा दिया गया है।