आगरा। मोती कटरा और मदिया कटरा के बाद बिजलीघर चौराहा स्थित शिवाजी मार्केट की दो दुकानों, फोर्ट पुलिस चौकी और सड़क में दरारें आ गई हैं। शिवाजी मार्केट एसोसिएशन के दुकानदारों का आरोप है कि मेट्रो की भूमिगत सुरंग के कारण उनकी दुकानों में बड़ी दरारें आई हैं। उनकी शिकायत पर यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की टेक्निकल टीम ने जांच की है। मेट्रो के अधिकारियों ने दुकानदारों के आरोपों को नकारा है।
बिजलीघर चौराहे पर मेट्रो का मन:कामेश्वर मंदिर स्टेशन है। यह भूमिगत है और यहां से एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए टनल बनाई गई है। स्टेशन के दूसरी ओर सड़क पार कर फोर्ट पुलिस चौकी है। इसकी दीवारों पर दरारें आ गई हैं। यह गिरासू है, वहीं चौकी के पास बनी शिवाजी मार्केट की दो दुकानों में भी पहले दरारें आईं जो बृहस्पतिवार को और चौड़ी हो गई हैं। आरसीसी की सड़क पर भी दरार हैं। इससे दुकानदारों में खौफ है। व्यापारी श्याम पैंगोरिया और राहुल जैन ने आरोप लगाया कि मेट्रो की खुदाई के कारण दुकानों में दरारें आई हैं। उनकी शिकायत पर यूपीएमआरसी की टीम जांच के लिए पहुंची। उन्होंने चौकी और दुकानों में आई दरारों की तकनीकी जांच की है।
मेट्रो के कारण नहीं आएंगी दरारें
- मेट्रो का टनल निर्माण डेढ़ साल पहले खत्म हो गया। तकनीकी टीम के मुताबिक बिजलीघर चौराहे पर रोडवेज का काम चल रहा है। बारिश के बाद वहां मिट्टी का सेटलमेंट हुआ होगा, संभवत: उसी से बदलाव आए हैं। मेट्रो के कारण दरारें नहीं आएंगी।
- पंचानन मिश्रा, पीआरओ, यूपीएमआरसी
दरारें आ गई हैं