डेयरी के अंदर पनीर की जाँच करती खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी
कागारौल। मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने कागारौल कस्बे में दुकानों पर छापे मारे। पनीर, दूध और मिठाइयों के कुल छह नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। विभाग की इस कार्रवाई के कारण कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर दिनभर गिराए रखा।
सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कागारौल पहुंची। टीम ने सबसे पहले कस्बे के आगरा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास मिठाइयों की सप्लाई कर रही एक वैन को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान टीम ने वाहन से मिल्क केक के दो नमूने और बूंदी के लड्डू का एक नमूना लिया।
इसके बाद टीम ने खेरागढ़ मार्ग स्थित बीएस धाकरे डेयरी से पनीर का नमूना, कस्बे की दीपचंद स्वीट्स से बेसन के लड्डू का नमूना और जगनेर मार्ग स्थित वंश डेयरी से दूध का एक नमूना लिया। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान दिनभर दुकानदाशों में डर बना रहा। कई दुकानदारों ने संभावित जांच से बचने के लिए अपनी दुकानें बंद कर दीं थी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि कागारौल के अलावा तांतपुर कस्बे के वरुण मिष्ठान भंडार से बर्फी और घेवर के नमूने भी जांच के लिए भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।