निर्माणाधीन मंदिर की दीवारों में आई दरार
घिरोर। विकासखंड मैनपुरी की ग्राम पंचायत नौनेर के गांव दूल्हापुर में कालीदेवी मंदिर के निर्माण के दौरान ही मंदिर की दीवारों में दरारें आ गई हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की पहल पर शासन ने 177.13 लाख रुपये मंदिर निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि स्वीकृत की है। इसका शिलान्यास भी पर्यटन मंत्री 26 जनवरी को कर चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन कालीदेवी मंदिर के निर्माण कार्य होने के चलते चारों तरफ से दीवारों ने दरारें हो गई तो कहीं नींव भी धसक गई है। एक युवक ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया तो कार्यदायी संस्था ने आनन फानन में कराए गए कार्य को रातोंरात तोड़ दिया। कार्यदायी संस्था यूपी कॉरपोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई आगरा द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रवासी राकेश सिंह, महेश सिंह, उदयवीर सिंह, सुरेश सिंह, महावीर सिंह ने जांच कराने की मांग की है। संवाद