मैनपुरी। शहरी क्षेत्र में ज्योति रोड पर सपा सरकार में बनाई गई गोशाला वर्तमान में बदहाल है। इसका मुख्य कारण गोशाला में लोगों के द्वारा किया गया अतिक्रमण है। ऐसे में खुले में घूमने वाले मवेशियों से आए दिन हादसे हो रहें हैं। जिसके बाद भी गोशाला को अतिक्रमण मुक्त कर उसे शुरू नहीं किया जा रहा।
सपा सरकार में बनाई गई गोशाला में लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। गोशाला के कमरों में लोगों के सामान रखे हैं। मुख्य द्वार टूट चुका है। इसके अलावा गोशाला के बाहर लोगों ने खोखे रखकर दुकान का संचालन शुरू कर दिया है। रख रखाव के अभाव में गोशाला (पशु बाड़ा) परिसर में घासें उग गई हैं। आसपास रहने वाले लोगों के अनुसार जब से गोशाला बना, तब से वहां कोई पशु नहीं रखे गए। इसके अलावा रखरखाव के अभाव में गोशाला का अस्तित्व ही समाप्त होने लगा है।
लोगों का कहना है कि प्रदेश की सरकार एक ओर जहां बेसहारा गोवंश को लेकर संवेदनशील है। वहीं दूसरी ओर जो भवन बने हैं उनको ठीक कराकर शुरू करने का प्रयास तक नहीं किया जा रहा। जिसकी वजह से बेसहारा गोवंश खुले में घूम रहे और किसानों की फसल को नुकसान पहुुंचाने का काम कर रहे हैं।
बेसहारा गोवंश से होते हादसे
सड़कों पर खुले में घूमने वाले बेसहारा गोवंश से आए दिन हादसे होते हैं। मुख्य सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंश आपस में लड़कर वाहनों से टकरा जाते हैं। जिससे वाहन चालक भी चोटिल होते हैं।
गोशाला बंद होने के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। नगर पालिका से इस संबंध में जानकारी प्राप्त की जाएगी। साथ ही गोशाला परिसर से कब्जा हटवाकर उसको फिर से शुरू किया जाएगा। - नवोदिता शर्मा, एसडीएम सदर