खंदौली। यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के नीचे मंगलवार दोपहर गोरक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने मांस से भरा कंटेनर पकड़ लिया। हंगामे के दौरान मौका पाकर कंटेनर के आगे चल रहे कार सवार युवक फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को पकड़कर कंटेनर को कब्जे में ले लिया है।
कोलकाता से मांस लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते एक कंटेनर दिल्ली जा रहा था। दोपहर के समय इंटरचेंज के नीचे गो रक्षक दल और अखिल भारत हिंदू महासभा के सदस्यों ने ट्रक को पकड़ लिया। गो रक्षक दल के धर्मेंद्र पथौली और महासभा के जिलाध्यक्ष रौनक ठाकुर ने कंटेनर में गोमांस होने की आशंका जताते हुए हंगामा कर दिया। बोले कंटेनर के आगे फार्च्यूनर से चल रहे चार लोग मौके से फरार हो गए। मांस मिलने से आक्रोशित लोगों ने कंटेनर चालक की पिटाई कर दी।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और चालक को पकड़कर कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष खंदौली विपिन कुमार गौतम ने बताया कि कंटेनर के मालिक से मांस से संबंधित कागजात मंगाए गए हैं। इसके अलावा मांस के सैंपल को जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के अनुसार मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। वही गो रक्षक दल के पदाधिकारियों का कहना है कि मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने की दशा में मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी।