आगरा जिले में कोरोना टीकाकरण में बचे पहले चरण के 16633 कर्मचारियों में से 16157 कर्मचारियों को तीन दिन में टीका लगा दिया जाएगा। तीनों दिन के लिए बूथ और कर्मचारी तय हो गए हैं। इनको फोन पर संदेश भेजे गए हैं। वहीं इस बार टीकाकरण बूथ के निगरानी कक्ष में कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
18901 कर्मचारियों में से 2268 को पहली डोज लग चुकी है। 16157 कर्मचारियों को 28, 29 जनवरी और चार फरवरी को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए 28 जनवरी को 65 बूथों पर 7876 कर्मचारी, 29 जनवरी को 40 बूथों पर 4163 और चार फरवरी को 40 बूथों पर 4118 कर्मचारियों को टीका लगेगा। तीन दिन के टीकाकरण में से बचे 476 कर्मचारियों को अगले दौर में टीका लगाया जाएगा।
बचे कर्मचारी अगले दौर में होंगे शामिल
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि 28, 29 जनवरी और चार फरवरी को 16157 कर्मचारियों को टीका लगा दिया जाएगा। बचे हुए कर्मचारियों को अगले दौर के टीकाकरण में शामिल किया जाएगा। फोन पर संदेश भेज दिए हैं। तय बूथों पर तैयारियां पूरी हो गई हैं।