कासगंज। ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। प्रशासन ने बाहरी राज्यों से आने वाले सभी यात्रियों की कोविड जांच शुरू कर दी गई है। विभाग ने रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर दो-दो टीमें जांच के लिए लगाई हैं।
कोरोना की पहली और दूसरी लहर ने जिले में काफी तबाही मचाई। अब विदेश से आने वाले यात्रियों के कारण ओमिक्रॉन वैरिएंट के फैलने का खतरा बढ़ गया है। शासन से भी इस वैरिएंट का प्रभाव रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद विभाग ने रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर दो-दो टीमें यात्रियों की जांच के लिए लगाई हैं। ये टीमें यात्रियों की 72 घंटे की आरटीपीसीआर रिपोर्ट चेक कर रहीं है। जिन यात्रियों के पास रिपोर्ट नहीं है उनकी कोविड जांच की जा रही है। इसके साथ ही विभाग की टीमें जनपद में अलग-अलग क्षेत्रों में भी लोगों की जांच कर रही हैं। टीमों ने शुक्रवार को 503 एंटीजन जांच की, जिसमें कोई संक्रमित नहीं मिला। 661 लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए गए। इन सैंपल को प्रयोगशाला भेजा गया है।
बाहर से आने वाले यात्रियों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट देखी जा रही है, जिन लोगों के पास यह रिपोर्ट नहीं है उनकी कोविड की जांच की जा रही है। इसके लिए रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर टीमों को लगाया गया है। - डा. अनिल कुमार, सीएमओ