UP Agra Crime News: आगरा में सराफ कारोबारी पिता-पुत्र के साहस ने बदमाशों के पसीने छुड़ा दिए। दोनों ने दुकान के अंदर हथियार लेकर घुसे दो बदमाशों को बाहर फेंक दिया। इतना ही नहीं तीसरे बदमाश पर ईंट से हमला कर दिया।
बदमाशों के हाथों में तमंचे थे, चेहरे कपड़ों से ढके थे। गोली मार देने की धमकी दे रहे थे, इसके बाद भी साहसी पिता-पुत्र डरे नहीं। हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गए। दो को धक्का देते हुए दुकान से बाहर फेंका तो एक पर ईंट से हमला बोल दिया। बाहर मदद के लिए आसपास के लोग भी आ गए, सभी ने पथराव कर पांचों बदमाशों को भगा दिया। हालांकि बदमाश फायरिंग कर रहे थे।
विज्ञापन
सरस्वती विहार में खुशी ज्वेलर्स की दुकान 1 किलोमीटर अंदर है। बदमाश पूरी तैयारी से आए थे। वारदात के लिए दिन का समय चुना था। इस समय सराफ के घर में बच्चों के अलावा कोई नहीं होता। मोहल्ले में भी चहलपहल कम हो जाती है। दो बाहर खड़े रहे, जबकि तीन अंदर गए।
विज्ञापन
सराफ श्याम वर्मा ने बताया कि बेटा वंश कक्षा 10 में पढ़ता है। बदमाशों ने सबसे पहले उसे ही पकड़ा था। एक बदमाश उसे घर के अंदर गला पकड़कर ले जा रहा था। बेटा छटपटा रहा था। उन्होंने बेटे को कभी हाथ तक नहीं लगाया। उसे कभी खरोच तक नहीं आने दी। जब बदमाश ने उसे गले से पकड़ा और उसका सिर दीवार पर मार दिया तो वो काबू नहीं रख सके।
वह बदमाशों पर टूट पड़े। छूट पाने पर बेटे ने भी उनका साथ दिया। तमंचे तानने वाले दोनों बदमाशों को धकियाते हुए दुकान से बाहर फेंक दिया। एक बदमाश पर ईंट से हमला किया। एक बदमाश ने उनके सिर पर तमंचे की बट मार दी। खून निकल आया। मगर, पीछे नहीं हटे। बदमाश भी घबरा गए। तमंचे भले ही पकड़े थे, लेकिन अंदर से डर रहे थे। वो बदमाशों की धमकी से डरे नहीं, ईंट से हमला बोलते रहे। मोहल्ले के लोगों के आने पर बदमाशों ने गोलियां चलाईं। लोगों ने दूर से ही पथराव कर मदद की। बाद में वे वापस लौट गए।
पैर पकड़कर बेटे ने किया प्रयास
उधर, बेटा भी पिता से कम नहीं है। वह भी बदमाश से भिड़ा रहा। जब बदमाश उसे कमरे में धकेल कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तब उसने उसके पैर पकड़ लिए। वंश ने बताया कि लेकिन पिता को देखकर उसके अंदर हिम्मत आ गई। अगर, कॉलोनी के लोग घेराबंदी करते तो बदमाश पकड़ लिए जाते।
राजस्थान के गैंग की आशंका
एसीपी सदर डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि बदमाश रोहता की तरफ से आए थे। भागने पर वह रोहता की तरफ ही गए हैं। ऐसे में आशंका है कि राजस्थान के धौलपुर का गैंग हो सकता है। रेकी करके वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई। उन्हें पता था कि दुकान अंदर है। इसके बावजूद निशाना बनाया गया है। बदमाशों को कॉलोनी के रास्तों का भी पता था। इसलिए आराम से भाग गए। कोई परिचित भी शामिल हो सकता है।
दहशत में परिवार
घटना के बाद से सराफ परिवार दहशत में है। उन्होंने 15 साल पहले दुकान खोली थी। उन्हें डर लग रहा है कि बदमाश गोली चला रहे थे। अगर, वो साहस नहीं दिखाते तो बदमाश वारदात में सफल हो जाते। गोली उन्हें भी लग सकती थी।
बदमाश की कैप गिर गई
सराफ के भिड़ने से एक बदमाश घायल हो गया है। एक बदमाश की कैप भी गिर गई। उसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कैमरों की जानकारी होने के कारण ही बदमाश चेहरा छिपाए थे।