आगरा। सदर थाने की पुलिस ने सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि छत्ता थाना क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी शशीकांत चौरसिया ने 27 अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
शशीकांत ने बताया था कि उनके परिचित मुस्तफा क्वार्टर निवासी राजेश भटनागर ने अपनी पत्नी पूनम भटनागर से मिलवाया। पत्नी के बड़ी इंटरनेशनल कंपनी की अधिकारी होने की बात कही और उनके संपर्क के जरिये सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने भतीजे की नौकरी के लिए 7 लाख रुपये दे दिए। तकादा करने पर एक प्राइवेट कंपनी का फर्जी नियुक्ति पत्र दिया गया। पुलिस ने दंपती और उनके साथी जीवनी मंडी के ऋषभ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बुधवार को आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया। भागे हुए आरोपी की तलाश की जा रही है। संवाद