बाह। जैतपुर में थाने से 200 गज की दूरी पर दुकान पर कब्जे को लेकर बुधवार पूर्वान्ह 11 बजे दुकान पर कब्जे के विवाद में दो पक्ष भिड़ गये। दोनों पक्षों ने एक दूसरे की दुकान पर धावा बोलकर जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना के दौरान बाजार में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट, तोड़ फोड़, लूटपाट एवं फायरिंग का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। लूटपाट और फायरिंग की घटना से साफ इंकार किया है।
जैतपुर के राजकुमार ने पुलिस को बताया कि पूर्वान्ह 11 बजे दुकान पर गया था। गाड़ी सवार 14 लोग आए और लाठी, डंडों से दुकान में तोड़फोड़ की। मारपीट करने लगे। गुल्लक में रखे रुपये ले गए। धमकी देते हुए फायरिंग की। दुकान का सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। वहीं गुमानसिंह पुरा के जयकिशोर ने पुलिस को बताया कि वह भाजपा के जिला मंत्री मानवेन्द्र सिंह राठौर की हलवाई की दुकान पर कारीगर है। बुधवार पूर्वान्ह 11 बजे दुकान पर बिक्री कर रहा था। 5-6 लोग लाठी, डंडा एवं तमंचा लेकर आए। दुकान में घुसकर काउंटर आदि में तोड़फोड़ की। गुल्लक से बिक्री के रुपए ले गए। एसओ जैतपुर ने बताया कि दुकान पर कब्जे को लेकर ताला लगाने पर विवाद हुआ है। दुकान का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। अब तक की जांच में लूटपाट, चोरी एवं फायरिंग की घटना नहीं पाई गई है। दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।