आगरा में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमित एक और मरीज की मौत हो गई। कोरोना से यह 10वीं मौत है। रात को दो नए कोरोना मरीज भी बढ़े हैं। अब संक्रमितों की संख्या 373 हो गई है। इनमें अब तक 52 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
छीपीटोला के निवासी 65 वर्षीय कोरोना मरीज महिपाल ने रविवार दोपहर को दम तोड़ दिया। वो न्यूमोनिया और सांस की बीमारी से भी पीड़ित थे। एसएन मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था। एसएन के कोरोना उपचार के नोडल प्रभारी डॉ आशीष गौतम ने बताया कि वो 22 अप्रैल को भर्ती कराए गए थे।
देर रात जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने दो नए मरीज की पुष्टि की है। इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 373 हो गई। 400 से अधिक नमूनों की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है। राहत की बात यह है कि अप्रैल में अन्य दिनों के मुकाबले रविवार को सबसे कम मरीज मिले। इससेे पूर्व शनिवार सुबह 10 तो शाम तक 13 मरीज मिले थे।