जिस आगरा में प्रदेश के सबसे ज्यादा संक्रमित हैं, वहां अब कहानी बदल रही है। 15 दिन पहले तक हर घंटे औसतन दो नए मरीज मिल रहे थे, अब पिछले चार दिनों से करीब इतने ही समय में दो संक्रमित ठीक होकर घर पहुंच रहे हैं।
चार दिनों के 92 घंटे में 197 ने कोरोना को मात दी है। मरीजों के ठीक होने की दर 72.18 फीसदी हो गई है। इस दौरान नए मरीज सिर्फ 27 मिले हैं। अब तक 589 मरीज डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं।
कीठम स्थित एल-1 श्रेणी के आइसोलेशन सेंटर से सोमवार को 42 मरीज डिस्चार्ज हुए। नई डिस्चार्ज पॉलिसी आने के बाद अब रोगियों का 14 दिन में एक सैंपल नेगेटिव आने के बाद उन्हें छोड़ा जा रहा है। हालांकि उन्हें आगामी सात दिनों के लिए होम क्वारंटीन में रहना पड़ेगा।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में 589 संक्रमित अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं। यह शहर के लिए अच्छी बात है। ज्यादातर संक्रमितों में कोरोना के मामूली लक्षण थे। इन्हें 14 दिन आइसोलेशन में रखा गया।
ऐसे ठीक हुए
- 15 मई को सबसे ज्यादा 96 मरीज डिस्चार्ज हुए।
- 16 मई को 13 मरीज डिस्चार्ज हुए।
- 17 मई को 46 मरीज डिस्चार्ज हुए।
- 18 मई को 42 मरीज डिस्चार्ज हुए।
816 में से अब सिर्फ 199 का चल रहा उपचार
सोमवार तक 10,822 सैंपल की जांच में 816 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें से अब सिर्फ 199 संक्रमित ही बचे हैं, जिनका उपचार चल रहा है। इनमें से 50 प्रतिशत एसएन के कोविड हॉस्पिटल में हैं। अन्य कीठम स्थित एल-1 श्रेणी के आइसोलेशन सेंटर में भर्ती हैं।
नौ नए मरीज मिले, अब तक 816
ताजनगरी में सोमवार को कोरोना के नौ नए मरीज मिले। इससे अब तक मिले मरीजों की संख्या 816 हो गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि 28 लोगों की अब तक जान जा चुकी है।