सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि आरोग्य सेतु एप पर संक्रमित मरीजों की खबर न मिलने और अलर्ट न आने की शिकायतें मिल रही हैं। यह एप शासन स्तर से संचालित हो रहा है। शासन को लोगों की परेशानी और शिकायतों के बारे में अवगत कराया जाएगा।
सोसाइटी में मिले मरीज, एप पर अपडेट ही नहीं
लॉयर्स कॉलोनी रहने वाले संजय शर्मा ने बताया कि उनकी सोसाइटी में एक परिवार संक्रमित हो गया, इसकी एप पर कोई जानकारी नहीं आई, अलर्ट भी नहीं हुआ, जबकि ब्लूटूथ ऑन था। कोई जानकारी न मिलने पर अब वह एप का उपयोग नहीं कर रहे हैं।
आसपास मरीज मिलने पर नहीं आता अलर्ट
खंदारी निवासी सुनीत चौहान ने बताया कि आरोग्य सेतु एप मोबाइल फोन में अपलोड है, ब्लूटूथ भी खोले रहता हूं। एक किलोमीटर के क्षेत्र में कोरोना वायरस का मरीज मिलने पर भी अलर्ट नहीं आता। मरीजों की पूरी जानकारी भी नहीं मिलती है।
हॉटस्पॉट क्षेत्र भी अपडेट नहीं
पुष्पकुंज निवासी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआत में आरोग्य सेतु एप पर संक्रमित मरीजों की पूरी जानकारी मिल रही थी, अब फोन पर अलर्ट भी नहीं आता है, जिससे लोग सावधान हो जाएं। मरीजों की जानकारी भी अपडेट नहीं रहती।