एसएसपी के संक्रमित होने से हड़कंप
आगरा एसएसपी बबलू कुमार के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है। एसएसपी के साथ एस्कॉर्ट में पुलिसकर्मी रहते हैं। इसके अलावा पीआरओ और चालक भी हैं। एसएसपी ने हाल ही में प्रेस वार्ता भी की थी। इसके अलावा बैठकों में भी गए थे। उनके कोरोना संक्रमित आने पर उनके संपर्क के लोग भी अपना टेस्ट कराने के बारे में सोच रहे हैं। हालांकि किसी में लक्षण नहीं है। उनके आवास पर भी फालोअर के अलावा 50 पुलिसकर्मी रहते हैं। वह भी चिंतित हैं। एसएसपी की पत्नी और सास में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। उनके दोनों बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
सर्दी की दस्तक के साथ बढ़ी संक्रमण की रफ्तार
सर्दी के दस्तक देते ही संक्रमण की दर बढ़ने लगी है। नवंबर के छह दिन में कोरोना वायरस के 343 मरीज मिले हैं। इस महीने की पहली तारीख को 48 मरीज थे, छह नवंबर को 79 मरीज मिले। विशेषज्ञ त्योहार पर यह संख्या और बढ़ने की आशंका जता रहे हैं।
इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया ने दिवाली से पहले बाजारों में भीड़ और सर्दी बढ़ने पर कोरोना वायरस के मरीज बढ़ने की आशंका जताई थी। नवंबर के छह दिनों में संक्रमण की दर डेढ़ गुनी बढ़ गई है। संक्रमित होने वालों में अधिकांश की उम्र 30 से 50 साल की है।