फिरोजाबाद में चार जमाती कोरोना वायरस से संक्रमित मिलने के बाद जिला प्रशासन पूरी सर्तकता बरत रहा है। ये जमाती तीन मस्जिदों में ठहरे थे। इन मस्जिदों के आसपास तीन किलोमीटर के दायरे में सोमवार तक नौ हजार घरों को चिन्हित किया गया, जो रेड जोन में हैं।
पांच सेक्टर में बांटे गए इलाकों को स्वास्थ्य विभाग की 30 टीमों ने सैनिटाइज करने के साथ घरों का सर्वे किया था। इसके बाद पुलिस ने शीशग्रान स्थित मस्जिद, मोती मस्जिद, सलमान फारुकी मस्जिद और दुर्गेश नगर क्षेत्र की गलियों से बैरिकेडिंग हटा दी है। ये इलाके तीन अप्रैल शाम से सील कर दिए गए थे।
नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में चार केस पॉजिटिव मिले थे। उन क्षेत्रों में कुछ ढील दी गई है, लेकिन लॉकडाउन का सभी को पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि कितने लोग चिन्हित किए गए, इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार कराई जा रही है।
बता दें कि तब्लीगी जमात से आए बिहार के सात जमातियों में से चार संक्रमित मिले हैं। इनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। यह जमाती जिन मस्जिदों में ठहरे थे, प्रशासन ने उनसे जुड़े इलाकों को रेड जोन घोषित करने के साथ सील कर दिया था।
लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसके दीक्षित ने बताया कि कोरोना वायरस के चार मरीज मिलने के बाद घरों की मोपिंग और सैनिटाइज का कार्य कराया गया था। मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों 28 लोगों की जांच कराई गई है।
मस्जिदों के तीन किलोमीटर के दायरे में नौ हजार घर चिन्हित किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने करीब 16 हजार लोगों के नाम, पते, उम्र, उनकी ट्रैवल हिस्ट्री एवं बीमारी के बारे में जानकारी की। खांसी, जुकाम, बुखार से पीड़ित लोगों को होम क्वारंटीन किया गया। शहर के सभी 70 वार्डों को सैनिटाइज किया जा चुका है।