कोरोना वायरस के संक्रमण से शनिवार को जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई। वायरस के संक्रमण से यह छठी मौत है। देर रात 45 और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। अभी तक मिले मरीजों में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले हैं।
इससे पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 39 मरीज सामने आए थे। नए मरीजों में भगवान टाकीज चौराहा स्थित पारस हॉस्पिटल के 21 मामले हैं। इस तरह से पारस अस्पताल के संक्रमित मरीजों की संख्या 50 के पार पहुंच गई है।
नई दिल्ली के जाफराबाद निवासी अल्लानूर (65) पुत्र नवीबक्श को कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद पांच अप्रैल को सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उन्हें उच्च रक्तचाप और हृदय रोग की भी परेशानी थी।
शनिवार की दोपहर में वह शौचालय गए थे, वहीं पर गिर गए। सीसीटीवी कैमरे में उन्हें गिरता देख चिकित्सकीय टीम अंदर गई लेकिन तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। उनकी मौत की खबर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दिल्ली में रहने वाले परिजनों को दे दी है।