मैनपुरी जिले में गुरुवार को सर्वाधिक 61 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। शहर में 33, बेवर में 17, भोगांव में चार और कुरावली और करहल में तीन-तीन तथा घिरोर क्षेत्र में एक संक्रमित मिला। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 441 हो गई है। 284 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं, जबकि 12 की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव केस की संख्या 145 है।
शहर के मोहल्ला भरतवाल में एक तीन साल के बच्चे सहित कुल पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले। आवास विकास में पांच, मोहल्ला गाड़ीवान में चार, स्टेशन रोड पर तीन, छपट्टी और पावर हाउस रोड पर दो-दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
इसी तरह अवधनगर में दो, चौथियाना, गोपालनगर, कचहरी रोड, खरपरी, करहल चौराहा, किलो रोड, ताल दरवाजा और नटराज होटल वाली गली में एक-एक कोरोना संक्रमित मिला। इसके साथ ही शहर से सटे गांव रठेरा निवासी शहर के प्राइवेट बैंक शाखा में तैनात गार्ड भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
यहां भी मिले मरीज
आवास विकास में पाए गए पांच संक्रमितों में से एक विकास भवन का कर्मचारी है। हाल ही में विकास भवन के कर्मचारी का बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। कस्बा बेवर में 17 संक्रमित मिले। इनमें मोहल्ला काजी टोला के सात, चमनगंज के तीन, रसूलाबाद के दो, ब्रह्मनान, महाजनान, इटावा रोड, नगला बरी और सब्जी मंडी क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला।
भोगांव के जलालपुर में एक और गांधी नगर में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। कस्बा कुरावली में एक महिला और एक पुरुष को कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं कुरावली कस्बे से सटे गावं बरौलिया में एक ट्रक चालक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। सभी संक्रमितों को आइसोलेशन वार्ड भिजवाया। वहीं संबंधित इलाकों को सील करा दिया गया है।
टूट गए सारे रिकार्ड
गुरुवार को जिले में एक साथ 61 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मैनपुरी में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अभी तक सबसे अधिक कोरोना संक्रमित 11 जुलाई को मिले थे। एक दिन में 42 कोरोना संक्रमितों के मिलने का रिकार्ड था।
एचडीएफसी बैंक के सात कर्मचारी पॉजिटिव
कोरोना संक्रमण अब सरकारी दफ्तरों के साथ ही बैंकों तक पहुंच चुका है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में शहर स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा के सात कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले भी इसी बैंक में कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं।