आगरा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रहे कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शनिवार को नवागत मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकन्डन ने 15 ब्लॉक के अधिकारियों, परियोजना निदेशक, श्रम उपायुक्त साथ समीक्षा की। उन्होंने मरीज भर्ती के लिए स्कूल व पंचायत भवनों में आइसोलेशन सेंटर बनाने के निर्देश दिए हैं। हर गांव में संक्रमितों का सर्वे, जांच, दवा वितरण के लिए कहा।
समीक्षा बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक पंचायत भवन पर पंचायत सचिवों का ड्यूटी रोस्टर बनेगा। उपस्थिति रजिस्टर में उन्हें हस्ताक्षर करने होंगे। जो सचिव हस्ताक्षर नहीं करेगा उनका वेतन जारी नहीं होगा।
प्रत्येक पंचायत भवन पर बुधवार तक सभी पंचायत कर्मियों एवं निगरानी समिति सदस्यों के नाम, पते व मोबाइल नंबर पेंट से लिखने के आदेश दिए हैं। ताकि ग्रामीण आसानी से उनसे संपर्क कर सकें। सीडीओ ए. मनिकन्डन ने 15 ब्लॉक के बीडीओ से नए श्मशान घाटों के उपयोग प्रमाणपत्र व फोटो तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।