कासगंज जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को छह और कोरोना संक्रमित मिले। ये सभी हरियाणा से लौटे संक्रमित युवक के परिवार के सदस्य हैं। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 15 हो गई है। इनमें तीन ठीक हो गए हैं। अब 12 सक्रिय मामले हैं।
नौ मई को हरियाणा से लौटे एक युवक की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसके परिवार एवं संपर्क में आए 31 लोगों को लेवल-1 क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इनके सैंपल कोविड-19 जांच के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे।
युवक की पत्नी भी संक्रमित
सोमवार शाम को इनकी जांच रिपोर्ट मिली तो स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। इनमें युवक की पत्नी सहित परिवार के छह लोग संक्रमित मिले है। इन सभी संक्रमितों को कोरोना अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।