आगरा के लिए राहत की खबर है। सितंबर के मुकाबले अक्टूबर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है। रोज के नए मरीजों का आंकड़ा 50 से नीचे आ गया है। शनिवार को 44 नए मरीज मिले। इससे पूर्व शुक्रवार को भी इतने ही मरीज मिले थे।
ताजनगरी में लगातार दूसरे दिन 44 नए मरीज मिलने से शनिवार को संक्रमितों का आंकड़ा 5896 पहुंच गया है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि 5143 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 128 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है। 625 मरीज उपचाराधीन हैं। जिले में 197137 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
87.23 फीसदी स्वस्थ होने की दर
जिले में संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर पिछले 24 घंटे में 1.05 फीसदी बढ़ने से 87.23 फीसदी हो गई है। साथ ही संक्रमण दर में मामूली गिरावट आने से यह 2.99 फीसदी रह गई है। संक्रमितों की मृत्यु दर 2.17 फीसदी है।