फिरोजाबाद जिले में कोरोना का प्रकोप थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार शाम आई रिपोर्ट में दो और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जिले में कोरोना संक्रमण के 64 मामले हो गए हैं। इनमें से तब्लीगी जमात से जुडे़ दो लोग ठीक होकर क्वारंटीन में है। जबकि एक संक्रमित की मौत हो चुकी है।
महापौर नूतन राठौर के कैंप कार्यालय पर काम करने वाला इंदिरा नगर निवासी कंप्यूटर आपरेटर विगत 19 अप्रैल को कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद युवक के संपर्क में आए लोगों को तलाश कर क्वारंटीन किया गया था। 20 अप्रैल को सभी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
बृहस्पतिवार शाम आई रिपोर्ट में कंप्यूटर आपरेटर के संपर्क में आया इंदिरा नगर निवासी 61 वर्षीय वृद्ध भी संक्रमित मिला है। नक्कारची टोला निवासी 37 वर्षीय महिला में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस महिला का 18 अप्रैल को सौ शैय्या अस्पताल में प्रसव हुआ था। यह महिला हॉटस्पॉट इलाके से जुड़ी थी। इस कारण महिला का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था।