कोरोना वायरसः जांच के लिए नमूने लेते कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में नाई की मंडी निवासी 60 वर्षीय गुर्दा रोगी महिला की संक्रमित होने से रविवार को मौत हो गई। जनपद में ये 161वीं मृत्यु है। वहीं रविवार को 71 नए मरीज मिले हैं। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 8,611 पहुंच गया है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया मृतक महिला रोगी को गुर्दे की गंभीर बीमारी थी। संक्रमित होने के बाद स्वास्थ में सुधार नहीं हो सका। जनपद में अब तक महिला रोगी समेत 161 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
ये भी पढ़ें- Corona Virus: आयुष चिकित्सक सहित कोरोना संक्रमण से चार की मौत, मैनपुरी में 57 पहुंची मृतक संख्या
रविवार को 71 नए मरीजों के मिलने से कुल 8611 मरीज हो गए। इनमें 76 नए मरीज ठीक हुए हैं। कुल 7,914 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब तक 3.23 लाख लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं 536 मरीज उपचाराधीन हैं।
8316 घरों में पहुंची टीम 59 संदिग्ध मिले
स्वास्थ्य विभाग की 146 टीमों ने दयालबाग, बजीरपुरा, जज कंपाउंड, ताजगंज, शहीद नगर, नेहरू नगर, गांधी नगर, खंदारी, आवास विकास कॉलोनी, शास्त्रीपुरम, बोदला, शाहगंज, शमसाबाद रोड और शहीद नगर के 8316 घरों में स्क्रीनिंग की।
तापमान और रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा मापी। बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी के बारे में पूछा। इनमें से 59 लोग संदिग्ध मिले। इनकी कोरोना वायरस की जांच कराई गई। आइवरमेक्टिन, मल्टी विटामिन और एंटी मलेरिया की दवा भी दी।
दयालबाग-कमला नगर में पांच दिन में 58 संक्रमित
दयालबाग और कमला नगर में कोरोना के मरीज सबसे ज्यादा मिल रहे हैं। पांच दिनों में 58 संक्रमित पाए गए, जिसमें सबसे ज्यादा दयालबाग के हैं। दयालबाग में 37 और कमला नगर में 21 संक्रमित मिले हैं।
इनमें हर उम्र के मरीज हैं, लेकिन 30 से 40 साल के मरीज ज्यादा हैं। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि देहात में संक्रमण की रफ्तार कम हुई है, लेकिन दयालबाग, कमला नगर समेत आठ-दस कॉलोनियों में मरीज लगातार मिल रहे हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे भी कर रही हैं।
दो डॉक्टर समेत 71 और संक्रमित
रविवार को कोरोना के 71 नए मरीज मिले हैं। इनमें दो डॉक्टर भी हैं। जिला जेल पर तैनात एक और होमगार्ड, बैंक का एक कर्मचारी भी संक्रमित पाया गया है। 11 साल और चार साल के बच्चे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। लॉयर्स कॉलोनी, जज कंपाउंड, पश्चिमपुरी, बजीरपुरा और विजय नगर कॉलोनी में एक-एक परिवार में दो-दो से अधिक सदस्य संक्रमित मिले है। पथौली, मानस नगर, कमला नगर, मोती कटरा, केके नगर, दयालबाग, बमरौली कटारा, शाहगंज, जयपुर हाउस, मधु नगर, भोगीपुरा, कर्मयोगी एन्क्लेव, केके नगर, एमएम गेट, बेलनगंज, डिफेंस एस्टेट, इंद्रा नगर, सीता नगर, शमसाबाद रोड और ट्रांस यमुना कॉलोनी में भी कोरोना के मरीज मिले हैं।