आगरा में कोरोना की दूसरी लहर में बढ़ रहे संक्रमण के आंकड़ों के चलते समारोह में मेहमानों की संख्या सीमित करने से ताजनगरी के वेडिंग इंडस्ट्री (शादी उद्योग) कारोबार को 75 फीसदी तक का नुकसान झेलना पड़ेगा। एक हजार करोड़ रुपये के कारोबार के महज 250 करोड़ रुपये तक सिमटने की आशंका है।
विज्ञापन
सरकार की गाइड लाइन जारी होने के 24 घंटे के अंदर ही वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े सभी सेक्टरों में ऑर्डर रद्द होना शुरू हो गए है। अप्रैल में ही प्रस्तावित शादियों वाले घरों में सबसे ज्यादा परेशानी है। वह शादी का कार्ड बांटने के साथ होटल, कैटरिंग की बुकिंग भी कर चुके हैं।
आगरा कैटरिंग एसोसिएशन के महामंत्री आशीष बंसल बताते हैं कि वेडिंग इंडस्ट्री के लिए 21 अप्रैल से लेकर 18 जुलाई तक का सहालग उम्मीद की नई किरन लेकर आया था। इन तीन महीनों में इंडस्ट्री के सभी वर्गों के पास लगभग एक हजार करोड़ रुपये का काम था। बंसल कहते हैं कि सरकार की गाइड लाइन आने के बाद जिस तेजी से कार्यक्रम को रद्द करने या सीमित करने की जानकारी ली जा रही है, उससे लगभग 75 प्रतिशत यानी 750 करोड़ रुपये का कारोबार इंडस्ट्री के हाथों से छिन जाएगा।
तीन महीने में होंगी तीस हजार शादियां
उत्तर प्रदेश वेडिंग एसोसिएशन के समन्वयक मनीष अग्रवाल के मुताबिक सरकार के आदेश के बाद वेडिंग इंडस्ट्री पर संकट के बादल फिर से छाने लगे हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल में पांच, मई में 12, जून में 10 और जुलाई में आठ तारीख ऐसी हैं जिस दिन कई शादियां हैं। अग्रवाल ने कहा कि तीन महीने में इंडस्ट्री के इस सीजन में एक हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना थी। अब काफी कार्यक्रम रद्द होने शुरू हो गए हैं। अगर कार्यक्रमों को रद्द करने की यह गति रही, तो इंडस्ट्री को सीधे तौर पर साढ़े सात सौ करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ेगा।
कैटरिंग एसोसिएशन ने लिए यह फैसले
. ग्राहकों के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए जाएंगे।
. वैवाहिक स्थलों पर पुलिस मित्र के लिए एसएसपी से मिलेंगे।
. कोरोना के नियमों के पालन के लिए अलग से स्टाफ रखेंगे।
. एक दिन में दो बार मेहमानों को बुलाने की शुरुआत करेंगे।
21 अप्रैल से लेकर 18 जुलाई तक
केटरिंग (संभावित नुकसान लगभग 300 करोड़ रुपये का)
कुल कारोबार- 400 करोड़ रुपये, 100 करोड़ रुपये रहने की संभावना।
- संजय अग्रवाल, अध्यक्ष, आगरा कैटरिंग एसोसिएशन
इवेंट: (संभावित नुकसान 150 करोड़ रुपये का)
कुल कारोबार 200 करोड़ रुपये। 50 लाख रुपये रहने की संभावना। - संदीप उपाध्याय, इवेंट मैनेजर
डेकोरेटर (संभावित नुकसान 250 करोड़ रुपये का)
कुल कारोबार 300 करोड़ रुपये। 50 करोड़ रुपये रहने की संभावना। - पवन कुमार, अध्यक्ष, आगरा महानगर टैंट लाइट, क्रॉकरी एसोसिएशन
होटल इंडस्ट्री (संभावित नुकसान 75 करोड़ रुपये का)
कुल कारोबार 100 करोड़ रुपये। 25 करोड़ रुपये रहने की संभावना। - रमेश वाधवा, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट ऑनर्स एसोसिएशन
कार्ड एंड प्रिंटिंग (संभावित नुकसान 40 करोड़ रुपये का)
कुल कारोबार 50 करोड़ रुपये। 10 करोड़ रुपये रहने की संभावना। - राजकुमार डेंबला, संयोजक, कार्ड एसोसिएशन
बैंडबाजा-बारात (संभावित नुकसान 45 करोड़ रुपये का)
कुल कारोबार 60 करोड़ रुपये। 15 करोड़ रुपये रहने की संभावना। - भरत शर्मा, प्रदेश महामंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार