कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद घर सैनिटाइज करती टीम
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज जनपद में प्रवासी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं। लगातार प्रवासियों के कोरोना संक्रमित मिलने से प्रशासन चिंतित है। जिले में हॉटस्पॉट इलाके बढ़ रहे हैं। मुंबई और नोएडा से आए दो प्रवासी संक्रमित पाए गए। जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में खलबली है। दोनों संक्रमितों की हिस्ट्री तैयार कर कुल 23 परिजनों को क्वारंटीन सेंटर भेजा है।
क्वांरटीन किए लोगों में छह बच्चे भी शामिल हैं। अब जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 14 हो चुकी है। जिले में कुल 17 मामले संक्रमण के पाए गए। जिसमें तीन ठीक हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें: लॉकडाउन का असर: साफ हुई हवा...खिल उठा ताजमहल, स्वच्छ हुआ यमुना का जल
पटियाली के मोहल्ला मुल्ला टोला में मुंबई से युवक अपने आठ अन्य साथियों के साथ लौटा था। यह कुल नौ लोग थे। युवक पहले अपने घर पहुंचा था। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग ने मुंबई से लौटे नौ युवकों को क्वारंटीन सेंटर नौरथा भेज दिया। जहां एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया।
इस युवक के 19 परिजनों को क्वारंटीन कराया गया है और मुल्ला टोला इलाके को बल्लियां लगाकर सील कर दिया है। इसी के साथ ही पटियाली कस्बे को भी सील करने की कार्रवाई की गई है। क्योंकि यह इलाका आबादी के बीच का है। इस इलाके में व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी हैं जिन्हें बंद कर दिया गया है।
दूसरा संक्रमित युवक थाना ढोलना के गांव महावर का बताया गया। यह युवक नोएडा में काम करता था। वहां से एक कार लेकर युवक अपने गांव लौटा। इस युवक के साथ उसकी पत्नी, बच्चे भी थे। युवक ने एटा के बदरिया आकर अपनी पत्नी और बच्चों को साढू के घर छोड़ा।
इसके बाद यह मिरहची से अपने भाई अखिलेश के साथ शहर में आया। जहां से नोएडा से आए युवक को क्वारंटीन सेंटर ले जाया गया। अब युवक में संक्रमण पाए जाने पर युवक के भाई अखिलेश सहित चार परिजनों को क्वारंटीन सेंटर ले जाया गया। गांव महावर के इलाके की गली को सील कर दिया है।
- जिले में अब तक मिले कुल संक्रमित- 17
- ठीक हुए संक्रमित- 3
- संक्रमितों में प्रवासियों की संख्या- 16
- कुल सक्रिय मामले- 14
जिले में दो और नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। दोनें संक्रमित युवकों में एक मुंबई से तो एक नोएडा से आया था। इन युवकों के परिजनों को क्वारंटीन सेंटर ले जाया गया। जहां जांच के लिए सभी के सैंपल लिए जाएंगे। प्रभावित इलाके को सील कराया गया है- सीपी सिंह, डीएम।