तीन घंटे में आएगी कोरोना जांच रिपोर्ट (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले में गुरुवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें तीन लोग अहमदाबाद से लौटे थे। गांव पहुंचने से पहले ही उन्हें भोगांव स्थित क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया था। परिवार के एक सदस्य की कोरोना संक्रमण के चलते अहमदाबाद में मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। सक्रिय केस 17 हैं।
गुजरात के अहमदाबाद के ईशनपुर में किशनी के नगला गवे निवासी दो परिवार 20 साल से रह रहे थे। 20 मई को अहमदाबाद में परिवार के एक सदस्य की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई थी। जांच के बाद अन्य परिजनों को होम क्वारंटीन कर दिया गया।
आगराः कोरोना संक्रमण से दो और मौतें, पांच नए संक्रमित, 770 हुए ठीक
लॉकडाउन के चलते परिजन अपने पैतृक गांव मैनपुरी चले आए। 24 मई को दोनों परिवार के आठ सदस्य गांव पहुंचे तो गांव के बाहर ही इन्हें रोककर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्वारंटीन हाउस भोगांव भेज दिया था। 24 मई को ही इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
गुरुवार को आठ में से तीन की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई। इनमें गुजरात में मरने वाले युवक का छोटा भाई, छोटे भाई की पत्नी और छोटे भाई की 12 वर्षीय पुत्री शामिल है। तीनों को क्वारंटीन हाउस से आइसोलेशन लेवल वार्ड में भर्ती करा दिया गया। वहीं परिवार के अन्य पांच सदस्यों को अभी क्वारंटीन हाउस में ही रोका गया है।