आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस के मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर ही संक्रमित हो रहे हैं, इससे कोरोना वायरस के मरीजों के इलाज में मुश्किल हो रही है। अभी तक 30 डॉक्टर समेत 73 चिकित्सकीय कर्मचारी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।
एसएन में अभी तक सात वरिष्ठ चिकित्सक, 30 जूनियर डॉक्टर और 36 नर्स, वार्ड ब्वॉय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। इसमें सबसे ज्यादा डॉक्टर मेडिसिन विभाग के संक्रमित हुए हैं। इसमें दो वरिष्ठ चिकित्सकों समेत दस पॉजीटिव हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें- Corona In Agra: 24 घंटे में मिले रिकॉर्ड नए मरीज, साढ़े तीन हजार के पास पहुंचा आंकड़ा
आइसोलेशन वार्ड के आईसीयू प्रभारी, बाल रोग, सर्जरी विभाग, स्त्री रोग विभाग के डॉक्टर भी संक्रमित हो गए हैं। इससे संक्रमित मरीजों के इलाज में परेशानी हो रही है। अब 100 बेड का दूसरा वार्ड भी तैयार हो गया है, इसमें भी मरीज भर्ती किए जा रहे हैं।
दी जा रही है ट्रेनिंग
प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए चिकित्सकीय स्टाफ की ट्रेनिंग भी दी जा रही है, सभी सावधानी और मानकों के पालन को भी कहा जा रहा है।
आगरा में पहली बार 24 घंटे में मंगलवार को रिकार्ड 89 नए मरीज मिलने से संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े तीन हजार के पास पहुंच गया। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया 110 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 3,548 पहुंच गया है। इनमें 2,742 मरीज ठीक हो गए हैं। 696 मरीजों का उपचार चल रहा है। मंगलवार तक 1,37059 लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
एसएन में दूसरा सेंटर भी शुरू
संक्रमितों की संख्या बढ़ते ही एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में बना 100 बेड का नवनिर्मित आईसोलेशन सेंटर मंगलवार से मरीजों के लिए खुल गया। डीएम ने बताया एसएन में आगरा के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, इटावा और बदायूं तक से मरीज आ रहे हैं। 100 से अधिक मरीज दोनों आइसोलेशन सेंटरों में भर्ती हैं।