फिरोजाबाद में कोरोना से एक और संक्रमित मिला है। अब कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 19 हो गई है। तब्लीगी जमात से जुड़े जमाती के संपर्क में आने पर दुर्गेश नगर निवासी एक युवक कोराना संक्रमित पाया गया था।
कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट छह अप्रैल को आई थी। युवक के परिजनों के नमूने 10 अप्रैल को जांच के लिए भेजे गए थे। मंगलवार को मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर युवक की 22 वर्षीय पत्नी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला को एफएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके दीक्षित ने 19वे कोरोना संक्रमित की पुष्टि की है।
दो चिकित्सक सहित नौ क्वारंटीन
कोरोना संक्रमण की आशंका पर हॉटस्पाट इलाके के दो निजी चिकित्सकों और उनके स्टाफ के सात लोगों को क्वारंटीन किया गया है। वहीं अलग-अलग गांवों से दो और अन्य लोग भी जांच के लिए मेडिकल कॉलेज लाए गए।