फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को जिले में 86 और लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं होम क्वारंटीन 116 मरीजों ने कोरोना को हरा दिया। जिले में कुल सक्रिय मामले 586 हो गए हैं।
यहां मिले कोरोना के मरीज
गुरुवार को आई रिपोर्ट में जलेसर रोड स्थित श्रीनगर निवासी युवक कोरोना संक्रमित मिला। मेडिकल कॉलेज कैंपस में रहने वाले चिकित्सक की पत्नी और एक स्वास्थ्यकर्मी की रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई। शहर के बौद्ध नगर, नगला मिर्जा बड़ा, रामलीला ग्राउंड, आसफाबाद, नगला करन सिंह, मायापुरी गली नंबर पांच, द्वारिकापुरी, नगला बरी, विजयपुरा, महादेव नगर, सम्राट नगर, विभव नगर, ओम नगर, थाना उत्तर, दुर्गेश नगर, खेड़ा मोहल्ला में भी कोरोना के मरीज लगातार मिल रहे हैं। शिकोहाबाद के कटरा मीरा में पांच लोग संक्रमित मिले। शिकोहाबाद के शंभू नगर, मैनपुरी चौराहा, स्टेशन रोड़, जज कंपाउंड दबरई में कोरोना के दो और नए मामले सामने आए हैं।
टूंडला के चिकित्सक कोरोना संक्रमित
टूंडला में एक चिकित्सक की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है। टूंडला के गणेश कॉलोनी में 40 वर्षीय महिला, शिवपुरी में 30 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिलीं। सिरसागंज में गढ़ी भक्ति, उसायनी, नगला महाराम, हजरतपुर, नवोदय विद्यालय गुरैया सुहेलपुर, पहाड़पुर, गांव गढ़ी दिनौली में चार केस सामने आए। सिरसागंज क्षेत्र में कोरोना के केस में आठ संक्रमित मिले हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि कोरोना के 86 मरीज मिले हैं।